सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त केंद्र बनेगा नया सामाजिक भवन- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल…..

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आज सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर के अंतर्गत ग्राम देवगढ़ में कंवर समाज विकास समिति, सरगुजा के तत्वावधान में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंनंे कहा कि यह भवन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त केंद्र बनेगा। इस गरिमामयी समारोह में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता का जीवंत केंद्र

संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि समाज की एकता, समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को अक्षुण्ण रखने में ऐसे सामाजिक भवनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यह नवनिर्मित भवन केवल ईंट-पत्थरों से बनी एक भौतिक संरचना नहीं है, बल्कि यह आने वाले समय में सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक चेतना का एक जीवंत केंद्र बनेगा। उन्होंने समाजहित और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में कंवर समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान यहाँ की अनूठी जनजातीय संस्कृति, उच्च जीवन मूल्य और आपसी सामाजिक सौहार्द में निहित है। राज्य सरकार सर्वसमाज के कल्याण और उनकी सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक संगठनों को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ग्राम देवगढ़ (उदयपुर) में कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण

सामूहिक विकास और संवाद को मिलेगा नया मंच

मंत्री श्री अग्रवाल ने रेखांकित किया कि सामाजिक भवन समाज के लोगों को एक ऐसा साझा मंच प्रदान करते हैं, जहाँ सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का निष्पादन सुगमता से किया जा सकता है। सामूहिक आयोजनों से समाज में आपसी संवाद, सांगठनिक ढांचा और सहयोग की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए  विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के कल्याण और विकास के लिए एक बहुउपयोगी केंद्र साबित होगा। उन्होंने कहा कि अपनी गौरवशाली संस्कृति और गौरव को नई पीढ़ी तक हस्तांतरित करना हम सभी का साझा दायित्व है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मुख्यधारा से जुड़ रहे सभी वर्ग

संस्कृति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को सहेजने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर क्रियाशील है। प्रदेश के हर समाज और समुदाय को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का भगीरथ प्रयास किया जा रहा है।

स्वागत और सामाजिक उत्साह

लोकार्पण समारोह के दौरान कंवर समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मंत्री श्री अग्रवाल का आत्मीय स्वागत किया। संपूर्ण आयोजन के दौरान समाजजनों में भारी उत्साह, सांस्कृतिक आत्मीयता और सामुदायिक सहभागिता का एक अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button